



राष्ट्रीय स्तर में प्रत्येक खंडों में युवा सम्मेलन का आह्वान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने किया है । इसी तारतम्य में पत्थलगांव में स्वामी विवेकानंद जयंती के 1 दिन पूर्व 11 जनवरी को युवा संगम का कार्यक्रम निश्चित किया गया , जिसमें 2 शतक युवा/युवतियों का प्रबुद्ध वर्ग सम्मिलित हुआ । सर्वप्रथम अल्पाहार के पश्चात उद्घाटन सत्र प्रारंभ किया गया ; जिसमें माननीय जिला संघचालक मुरारीलाल अग्रवाल जी के मार्गदर्शन में , युवा तहसीलदार प्रांजल मिश्रा जी के मुख्य आतिथ्य में , क्षेत्र प्रचारक प्रमुख शिवराम समदरिया जी का सानिध्य प्राप्त हुआ । कार्यक्रम का संचालन युवा संगम के प्रभारी नगर कार्यवाह पवन अग्रवाल द्वारा एवं मंच संचालन बस्ती प्रमुख प्रवीण अग्रवाल द्वारा किया गया । कार्यक्रम के दूसरे सत्र में उपस्थित युवा युवतियों के जिज्ञासाओं का समाधान किया गया , जिसमें उन्होंने कई प्रकार के शिक्षा , धर्म एवं विकास संबंधी प्रश्न किए… जिसका संतोषजनक उत्तर क्षेत्र प्रचारक प्रमुख एवं तहसीलदार जी द्वारा दिया गया । द्वितीय सत्र में गोयल किंडरगार्टन स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती सुमन गोयल का मुख्य आतिथ्य प्राप्त हुआ ।
मुख्य वक्ता शिवराम समदरिया जी ने कहा ; “संघ में वही नि:स्वार्थ व्यक्ति कार्य कर सकता है , जिसका ध्येय देश व धर्म की सेवा करना हो । देश की सेवा करने एवं देश को परम वैभव के शिखर में पहुंचाने हेतु युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है । संघ का कार्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में अधिक देखने को मिलता है , क्योंकि सेवा संघ के मूलभूत कार्यों में से एक है । आज जो क्षेत्रवाद की समस्या देश में बनी हुई है , उसका निवारण संघ की विचारधारा से संभव है… क्योंकि संघ भाषावाद , क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर है ।” मुख्य अतिथि प्रांजल मिश्रा जी ने कहा ; “युवाओं को अपनी भागीदारी की याचना करने की आवश्यकता नहीं है अपितु सामने आकर कार्य करने की है , युवा स्वयं में सक्षम है जिससे वह किसी भी क्षेत्र में नेतृत्व करने की क्षमता रखता है । आज के युवाओं को अपने एवं देश के भविष्य की चिंता करते हुए कोई भी कार्य करना चाहिए , युवा को ईमानदारी का मूल मंत्र लेकर आगे बढ़ना चाहिए । संघ आज हर क्षेत्र में कार्य कर रहा है , जिससे समाज सुरक्षित रह सके एवं देश की आंतरिक व्यवस्था सुदृढ़ रहे । हम सभी को भी दृढ़ संकल्पित होकर अपने व्यस्त जीवन से देश सेवा के लिए समय निकालना चाहिए ताकि हमारा भविष्य सुरक्षित रहे ।”
जिला प्रचारक कमलेश चंद्रा जी के उद्बोधन एवं प्रोजेक्टर कार्यक्रम की संपन्नता के साथ भोजन पश्चात सभी युवा/युवती शाखा में उपस्थित होकर कई सारे खेल खेले । तत्पश्चात युवा/युवतियों की चर्चा सत्र जिला प्रचारक कमलेश चंद्रा एवं नगर कार्यवाह पवन अग्रवाल ने ली । अंततः संघ प्रार्थना के पश्चात शाखा विकिर कर कार्यक्रम सफल एवं संपन्न हुआ । कार्यक्रम में जिला कुटुंब प्रबोधन प्रमुख सतीश मिश्रा , जिला सेवा प्रमुख अनूप मित्तल , जिला मुख्य मार्ग प्रमुख जगदीश यादव , खंड कार्यवाह विनोद जायसवाल , सह नगर कार्यवाह आयुष अग्रवाल , व्यवस्था प्रमुख शिखर बंसल , संपर्क प्रमुख साकेत अग्रवाल , प्रचार प्रमुख राहुल शर्मा , घोष प्रमुख अमन साहू , बस्ती प्रमुख : प्रवीण अग्रवाल , रमेश गोयल , बिंदेश्वरी शर्मा , विजय अग्रवाल , वीरेंद्र तिवारी , सह बस्ती प्रमुख : सौरभ गोयल , रविशंकर यादव , हरिओम अग्रवाल , विकास अग्रवाल , मुरारी ठाकुर , नंद कुमार डनसेना , शाखा कार्यवाह : आदित्य सिंहल , अंकित शर्मा , मुख्य शिक्षक : अमन साहू , राहुल यादव , गणशिक्षक : यमित सिदार , प्रेम मंडल उपस्थित रहे ।
